CITYSAMCHARDIGITAL
चंडी महायज्ञ व भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, डॉ. उदय ने लिया संतों का आशीर्वाद *@सिटी समाचार डिजिटल* संतकबीरनगर। जनपद के सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं सूर्या ग्रुप के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने आज जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव के साथ महुली क्षेत्र के अंतर्गत अजाव व कोडरी गांव में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। भ्रमण के प्रथम चरण में डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी अजाव गांव पहुंचे, जहां श्री चंडी महायज्ञ का विधिवत समापन समारोह आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजक मंडल द्वारा डॉ. उदय का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव भी उनके साथ मौजूद रहे। समापन समारोह के दौरान डॉ. उदय ने श्रीधाम वृंदावन से पधारीं कथावाचक पूज्या लीलाराम दास जी महाराज को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने यज्ञ समिति को सेवा भाव से 21 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की। डॉ. उदय ने कहा कि ऐसे धार्मिक अनुष्ठान समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करते हैं। इसके पश्चात डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी अपने करीबी विद्यालय स्टाफ अजय शर्मा के पैतृक गांव कोडरी पहुंचे, जहां श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन चल रहा था। यहां उन्होंने कथा की मुख्य आरती में सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में श्रद्धा अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. उदय ने कथावाचक आचार्य संजय कृष्ण शंकर जी महाराज एवं उनकी पूरी टीम को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और कथा आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में अजय शर्मा व विजय शर्मा द्वारा डॉ. उदय का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। दोनों ही आयोजनों में डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी की उपस्थिति क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। उन्होंने अपने संबोधन में सनातन धर्म, सामाजिक सेवा और संतों के प्रति सम्मान को जीवन का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। इस दौरान नितेश द्विवेदी, शंकर यादव, राजपाल यादव, आनंद ओझा, सुभाष तिवारी, सुशील पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रमों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।